यातायात माह के तहत पुलिस और नगर निगम का संयुक्त अभियान, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर चला डंडा




Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ (जोजो):
यातायात माह-2026 के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में यातायात पुलिस, स्थानीय पुलिस बल और नगर निगम की संयुक्त टीम ने जनपद में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराना तथा आमजन को जाम की समस्या से निजात दिलाकर निर्बाध आवागमन प्रदान करना है।

अभियान के दौरान सदर बाजार, बेगमपुल, लालकुर्ती और आसपास के प्रमुख व्यस्त बाजारों व मार्गों पर औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकानों के बाहर सामान रखकर किए गए अतिक्रमण, अनधिकृत पार्किंग स्थलों और यातायात में बाधा बनने वाले अवैध कब्जों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई से पहले संबंधित विभागों से इसका पूरा सत्यापन कराया गया था।

संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान दुकानदारों और वाहन चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी। साथ ही, अपील की गई कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित और अधिकृत स्थानों पर ही पार्क करें तथा सड़कों पर अतिक्रमण न फैलाएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। मेरठ पुलिस ने सभी नागरिकों और व्यापारियों से सहयोग की अपील की है।