उत्तराखंड में प्रशासनिक फेरबदल, 6 आईएएस अधिकारियों के विभागों में बदलाव




Listen to this article
  • सी. रविशंकर को सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी, उमेश नारायण पांडेय बने पंचायती राज विभाग के सचिव

न्यूज 127, देहरादून।
उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के छह अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में बदलाव किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से 17 नवंबर 2026 को जारी आदेश के तहत अधिकारियों के वर्तमान पदभार से कुछ जिम्मेदारियां हटाते हुए नए विभागों का दायित्व सौंपा गया है।

शासनादेश के अनुसार, आईएएस अधिकारी निशांत कुमार झा, सचिव शहरी विकास एवं पंचायती राज विभाग से पंचायती राज विभाग का दायित्व वापस लिया गया है। वह शहरी विकास विभाग के सचिव बने रहेंगे।

आईएएस अधिकारी सी. रविशंकर, जो वर्तमान में औद्योगिक विकास एवं सेवायोजन, वन, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के सचिव हैं, उन्हें सैनिक कल्याण विभाग के सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, आईएएस अधिकारी सुगल किशोर पंत से सैनिक कल्याण विभाग के सचिव का दायित्व वापस लिया गया है। आईएएस अधिकारी उमेश नारायण पांडेय, सचिव पुनर्गठन एवं भाषा विभाग तथा उत्तराखंड शासन के प्रशासनिक दायित्वों के साथ अब पंचायती राज विभाग के सचिव की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

इसी क्रम में आईएएस अधिकारी विनीत कुमार, अपर सचिव लोक निर्माण, श्रम, आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग को निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून तथा प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा आईएएस संवर्ग के एक अन्य अधिकारी से निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून और प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम का दायित्व वापस लिया गया है। उनके पास निदेशक खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी बनी रहेगी।

शासनादेश में संबंधित अधिकारियों को अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने तथा इसकी सूचना कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश अपर सचिव नवनीत पांडेय की ओर से जारी किया गया है।