मुजफ्फरनगर: जिले में लुटेरों के हौसले इतने बुलंद है कि वो आए दिन लूट-पाट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ऐसी ही एक घटना सोमवार देर शाम पॉश कॉलोनी में घटी। घर के बाहर एक बुजर्ग महिला से बाइक सवार बदमाशों ने चेन स्नेचिंग की और फरार हो गए। महिला के शोर मचने पर जब तक घर के लोग बाहर आए तब तक चेन स्नेचर पकड़ से दूर जा चुका था। यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश में जुटी है।
मामला सिविल लाइन क्षेत्र की पॉश कॉलोनी सुमन विहार का है। यहां सोमवार शाम सोहंबीरी अपने घर से कुछ दूर दूध खरीदने निकली थी। वह दूध लेकर वापस लौट ही रही थी तभी महिला के पीछे-पीछे चल रहे एक व्यक्ति ने महिला के गले से चेन झपटा। झपटमारी के बाद वह बाइक सवार साथी के साथ फरार हो गया। बुजुर्ग महिला ने शोर मचाया तो परिवार के लोग बाहर आए। तब तक लुटेरा फरार हो चुका था। घटना की सूचना 100 नंबर पर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता के बेटे ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। हमारे साथ ये तीसरी घटना है। इस कॉलोनी में आए दिन इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। लेकिन पुलिस का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।