मुरादाबाद। अंतिम चरण में होने वाले निकाय चुनाव के प्रचार के लिए रविवार को सीएम आदित्यनाथ योगी मुरादाबाद में मेयर प्रत्याशी विनोद अग्रवाल और अन्य निकायों के अध्यक्षों के प्रत्याशियों के प्रचार के लिए जनसभा करने पहुंचे। इस दौरान यहां उन्होंने जनता से लोक लुभावन वादे किये और विपक्षी पार्टियों को अब तक प्रदेश का विकास रोकने वाला बताया।
अपने निर्धारित समय से एक करीब घंटा देरी से पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12:30 बजे मंच पर पहुंचे। यहां उन्होंने अपने भाषण की शुरूआत भारत माता की जय और वंदेमातरम के जयघोष के साथ की। योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में वादों की झड़ी लगायी। साथ ही कहा कि प्रदेश सरकार की नजर प्रदेश के युवाओं और नौजवानों पर है। उनके लिए चार लाख नौकरियां इंतजार कर रही हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने जमकर भ्रष्टाचार किया। बेरोजगारों के साथ भेदभाव किया गया। लेकिन भाजपा सरकार भेदभाव खत्म कर रही है इसलिये ग्रुप सी व डी की नौकरियों में इंटरव्यू खत्म कर दिया गया है। वहीं उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल की जो भर्तियां लोक सेवा आयोग उत्तर प्रदेश से हुई हैं उनकी जांच अब सीबीआई करेगी। यही नहीं एंटी भू माफिया सेल भी निकाय चुनाव के बाद सक्रियता से भू माफियाओं की संपत्ति जब्त करेगी। इसलिये भाजपा को अपने शहर के विकास के लिए वोट दें। जिससे शहरों में कायाकल्प हो सके।