धमकी प्रकरण में कांग्रेस नेता कूदे, पीड़ित को इंसाफ और सच्चाई को कराएंगे उजागर




नवीन चौहान
शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के करीबी भाजपा नरेश शर्मा के द्वारा पूर्व शिक्षक राजेंद्र प्रसाद बालियान को धमकी देने का मामला तूल पकड़ने लगा है। मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने मामले को पकड़ लिया है। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, कांग्रेस के पूर्व विधायक अंबरीष कुमार, मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा आदि वरिष्ठ नेताओं ने बैठक करते हुए पुलिस के द्वारा मुकदमा दर्ज न करने पर आक्रोश जताया। उन्होंने भाजपा नेता की पत्नी को अवैध तरीके व बिना डाक्यूमेंट सत्यापित कराए नियुक्ति देने का मामले को प्रदेशभर में उठाने का आह्वान किया।
बुधवार को कनखल में मेयर अनीता शर्मा के कार्यालय पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बैठक की। पूर्व विधायक अंबरीष कुमार ने कहा कि पूर्व शिक्षक राजेंद्र बालियान द्वारा शिक्षा विभाग में हो रहे भ्रष्टाचार पर आरटीआई के माध्यम से जानकारी मांगी गई थी। जोकि सत्य पाई गई। उसमें भाजपा नेता नरेश शर्मा अपने को घिरता देखकर सच्चाई को उजागर करने वाले शिक्षक को धमकी दे रहा है। पुलिस भी सत्ता के दवाब में कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि उक्त भ्रष्टाचार का मुद्दा प्रदेश स्तर पर 30 नवंबर के बाद उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में बहुत भ्रष्टाचार हो रहा है जिसे जनता के समक्ष लाया जाएगा। उन्होंने पूरे मामले की घोर निंदा की। महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि भाजपा नेता द्वारा धमकी दिए जाने के मामले को लेकर एसएसपी से मिला जाएगा। भाजपा के सत्ताधारी मंत्री अपने रिश्तेदारों को फर्जीवाड़ा के आधार पर नौकरियां दिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि असली डिग्री वाले चक्कर काटने को मजबूर है। मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह से वार्ता कर शिक्षा विभाग में जो भी भ्रष्टाचार हो रहा है और पात्र व्यक्ति को नौकरी से दूर किए जाने के मामले को विधानसभा में उठवाया जाएगा। उक्त मुद्दे पर सरकार को घेरने का कार्य होगा। सत्ता के नशे में चूर होकर केबिनेट मंत्री की शह पर एक वरिष्ठ नागरिक और पूर्व शिक्षक के साथ इस तरह का बर्ताव सहन नहीं किया जाएगा। बैठक में पीडित शिक्षक राजेंद्र बालियान, विकास चौधरी, शुभम अग्रवाल, जतिन हांडा, यशवंत सैनी, संगम शर्मा, शैलेंद्र सिंह, हरद्वारी लाल, निशा शर्मा, वसीम सलमानी, सतीश दाबड़े, दिनेश वालिया आदि शामिल हुए।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *