वृंदावन में जर्जर मकान ढहने से पांच श्रद्धालुओं की मौत




मथुरा। तीर्थनगरी मथुरा के वृंदावन में मंगलवार की शाम उस वक्त बड़ा हादसा हो गया जब एक जर्जर मकान के ढहने से पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई। यह सभी श्रीबांके बिहारी के दर्शन कर मंदिर से चंद मिनट पहले ही बाहर निकले थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार श्रीबांके बिहारी मंदिर से महज 200 मीटर दूर निकासी मार्ग पर स्थित विष्णु बाग वाला का मकान दशकों पुराना है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पिछले दिनों आई बाढ़-बारिश के बाद मकान और भी खतरनाक स्थिति में आ गया। मंगलवार शाम को इसका छज्जा और छत की बाउंड्रीवाल भरभराकर गिर गई।

इस दौरान नीचे से गुजर रहीं श्रद्धालु 50 वर्षीय गीता कश्यप पत्नी एसएन कश्यप निवासी जरौली फेस-2, कानपुर, अरविंद कुमार यादव (35) पुत्र बम्बुराहिया कालोनी, कानपुर नगर, रश्मि गुप्ता (40) पत्नी जितेंद्र गुप्ता जरौली फेस-2, कानपुर नगर, अंजू मुगई (50) पत्नी संदीप निवासी कृष्णा अपार्टमेंट, ओमेक्स, वृंदावन, चंदन राय (30) पुत्र हरेंद्र राय निवासी भगवानपुर, देवरिया की मकान के मलबे के नीचे दब गईं, इनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही तमाम बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों के बारे में जानकारी की। मौके पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला, इनमें से पांच की मौत हो गई। घटना के बारे में सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी अधिकारियों से जानकारी ली।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *