नवीन चौहान, हरिद्वार। शादी का झांसा देकर एक तलाकशुदा महिला से दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता ने शादी करने की बात जब आरोपी युवक की मौसी-मौसा को बताई तो उन्होंने भी मदद करने से इंकार कर दिया। पीड़िता के साथ दुष्कर्म होने की बात जानने के बाद भी मौसी-मौसा ने कोई मदद नहीं की। पीड़िता की शिकायत पर रानीपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रानीपुर कोतवाली वरिष्ठ उप निरीक्षक दिल मोहन बिष्ट ने बताया कि हरिद्वार की एक महिला ने तहरीर में बताया कि कई साल पूर्व उसका पति से तलाक हो गया था। जिसके बाद उसकी पहचान एक युवक से हो गई। युवक ने पहले दोस्ती की उसके बाद प्यार का इजहार कर दिया। अकेली जिंदगी से संघर्ष कर रही महिला ने युवक पर भरोसा कर लिया। जिसके बाद युवक ने शादी का भरोसा देकर शिवालिक नगर के एक होटल में ले गया। आरोपी युवक ने महिला से शारीरिक संबंध बनाये। इसके बाद युवक महिला से लगातार रेप करने लगा। जब महिला ने शादी करने के लिये कहा तो आरोपी युवक ने इंकार कर दिया। पीड़ित तलाकशुदा महिला आरोपी युवक प्रवीण कुमार निवासी टोडा कल्याणपुर रूड़की के मौसी मौसा के पास गई। मौसी मौसा ने सबकुछ सुनने के बाद पीड़िता की कोई मदद नहीं की। पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।