सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह ने यातायात नियमों की दी जानकारी
न्यूज 127, हरिद्वार।
एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में मंगलवार को अमर उजाला फाउंडेशन के सौजन्य से ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी देते हुए जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने के लिए जागरूक किया।
बिपेंद्र सिंह ने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने छात्रों को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, निर्धारित गति में वाहन चलाने और सड़क पर दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की जानकारी दी। उन्होंने यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाले कानूनी और व्यावहारिक परिणामों से भी छात्रों को अवगत कराया।
उन्होंने छात्रों से यातायात नियमों को केवल पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदारी के साथ अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।
संस्थान की प्राचार्या डॉ. तृप्ति अग्रवाल ने ‘पुलिस की पाठशाला’ जैसी पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना समय की आवश्यकता है। जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए यातायात नियमों की समझ और उनका पालन जरूरी है।
कार्यक्रम में मंच संचालन शिवानी चिटकारिया ने किया। इस दौरान दीपशिखा बोहरा, ललित जोशी, उमराव सिंह, रश्मि सक्सेना, सपना सकलानी, रीना पैटवाल, डॉ. दीपिका संगतानी, खुशबु, रमाकांत पाल समेत संस्थान के फैकल्टी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।


