ज्वालापुर चौक बाजार में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा क्षेत्र






Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
रानीपुर विधानसभा के ज्वालापुर चौक बाजार मंडल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में शामिल कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। यात्रा का जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान रहे। यात्रा ज्वालापुर चौक बाजार से शुरू होकर बाजार के विभिन्न मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। इसमें युवाओं, भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और करोड़ों देशवासियों के गौरव का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश के प्रति समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश का युवा भारत की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर लगातार अपनी नई पहचान बना रहा है। राष्ट्र के प्रति सम्मान और राष्ट्र प्रथम की भावना प्रत्येक नागरिक की शक्ति है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के संस्कारों में है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूक करना तथा युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना है।
यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और अन्य राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। स्थानीय नागरिकों के उत्साहपूर्ण स्वागत से यात्रा का माहौल और भी भव्य हो गया।
यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, मंडल पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।