थाने के बाहर खुद को आग लगाने वाले ने लगाया 30 लाख की ठगी का आरोप




Listen to this article

जमीन विवाद से परेशान युवक ने तहसीलदार के समक्ष दिया मृत्यु पूर्व बयान, साले समेत दो लोगों पर लगाए गंभीर आरोप

पथ प्रवाह, लक्सर।
लक्सर कोतवाली के प्रवेश द्वार के पास मंगलवार शाम एक युवक ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हवालाती कंबल डालकर आग बुझाई। आग में युवक आंशिक रूप से झुलस गया। उपचार के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर भेजा गया। बाद में तहसीलदार लक्सर के समक्ष दिए गए उसके मृत्यु पूर्व बयान ने मामले को नया मोड़ दे दिया।

पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे एक व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल से लक्सर थाने पहुंचा। उसने मोटरसाइकिल थाना प्रवेश द्वार के बाईं ओर खड़ी की और अपने साथ लाई माचिस से स्वयं को आग लगा ली। पुलिसकर्मियों हेड कांस्टेबल मनोज मलिक, कांस्टेबल अरविंद रावत तथा दिवसाधिकारी उपनिरीक्षक रोहित कुमार ने तत्काल हवालाती कंबल डालकर आग बुझाई।

घटना के बाद प्रभारी निरीक्षक ने अन्य पुलिसकर्मियों और शिकायतकर्ताओं की मौजूदगी में युवक से पूछताछ की। उसने अपना नाम नारायण उर्फ नीतू पुत्र तेजपाल, निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द बताया। युवक ने पुलिस को बताया कि उसका अपने भाई के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और आरोप लगाया कि उसकी जमीन का कथित रूप से फर्जी तरीके से बैनामा करा दिया गया। उसने बताया कि इस मामले को लेकर गांव में एक दिन पहले पंचायत भी हुई थी, लेकिन किसी ने उसका साथ नहीं दिया।

पुलिस के मुताबिक युवक से यह भी पूछा गया कि क्या उसने जमीन विवाद को लेकर थाने में कोई शिकायत दी थी। उसने शिकायत देने से इनकार किया।

मृत्यु पूर्व बयान में साले पर लगाए आरोप

उपचार के दौरान प्राथमिक चिकित्सालय लक्सर में तहसीलदार के समक्ष दिए गए मृत्यु पूर्व बयान में नारायण उर्फ नीतू ने बताया कि उसने स्वयं पर डीजल डालकर आग लगाई। बयान में उसने आरोप लगाया कि उसके साले ईश्वर सिंह ने उससे 30 लाख रुपये नकद लिए थे। युवक के अनुसार उसने साले से रकम वापस करने अथवा उसके बदले जमीन देने को कहा, जिस पर कथित तौर पर उसे कहीं जाकर मर जाने के लिए कहा गया।

युवक ने अपने बयान में यह भी कहा कि वह अपने साले और एक अन्य व्यक्ति से परेशान था और इसी कारण उसने यह कदम उठाया।

पुलिस ने झुलसे युवक को उपचार के लिए सीएचसी लक्सर भेजा है। पूरे मामले की जांच वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट को सौंपी गई है। पुलिस अब जमीन विवाद, 30 लाख रुपये के कथित लेनदेन और युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।