न्यूज 127, रुड़की (हरिद्वार)।
हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) ने अवैध और अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। तहसील रुड़की के अंतर्गत इकबालपुर, आरआईटी संस्थान के सामने राकेश मित्तल द्वारा कराए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण कार्य को प्राधिकरण की टीम ने सील कर दिया।
प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित स्थल पर लगभग 70 फीट × 90 फीट की माप में भूतल पर बिना नक्शा स्वीकृत कराए व्यावसायिक निर्माण कार्य किया जा रहा था। अनाधिकृत निर्माण का संज्ञान लेते हुए प्राधिकरण द्वारा पहले ही सुसंगत धाराओं के तहत वाद योजित (कोर्ट केस दर्ज) किया गया था और निर्माणकर्ता को काम रोकने के निरंतर निर्देश दिए जा रहे थे।
प्राधिकरण के निर्देशों और चेतावनियों के बावजूद स्थल पर निर्माण कार्य जारी रखा गया। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुँचकर पूरे अवैध निर्माण को पूरी तरह सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद निर्माणकर्ता को स्पष्ट हिदायत दी गई कि बिना प्राधिकरण से विधिवत नक्शा स्वीकृत कराए किसी भी परिस्थिति में आगे का निर्माण कार्य शुरू न किया जाए। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है।


