मुख्यमंत्री धामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किये आरोग्य रथ




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
उत्तराखंड के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और ग्रामीण आबादी को उनके नजदीक ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने नई पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जनपदों के दूरस्थ क्षेत्रों के लिए दो मोबाइल मेडिकल यूनिट ‘आरोग्य रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन मोबाइल चिकित्सा इकाइयों के माध्यम से दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों को प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य परामर्श और निवारक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

यह पहल पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत टीएसएल फाउंडेशन की ओर से संचालित की जा रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। कई गांवों में अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में मोबाइल मेडिकल यूनिट स्वास्थ्य सेवाओं को सीधे लोगों के द्वार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दोनों आरोग्य रथों में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गई है। इनके माध्यम से ग्रामीणों को प्राथमिक चिकित्सा के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शुरुआती पहचान और समय पर चिकित्सकीय परामर्श मिल सकेगा। इसके अलावा लोगों को बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विशेष रूप से पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाने पर ध्यान दिया जा रहा है। इस दिशा में सरकारी प्रयासों के साथ निजी संस्थानों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि विभिन्न संस्थाएं भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जनकल्याणकारी क्षेत्रों में इसी तरह सहयोग करती रहेंगी, जिससे प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह शाही, सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन की वरिष्ठ निदेशक (सीएसआर) अनंतिका सिंह, टीएसएल ग्रुप के सीईओ साहिल अरोड़ा एवं निदेशक आदेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।