रोड़ीबेलवाला और गंगा घाटों की व्यवस्थाओं को लेकर सख्त हुए अपर मेलाधिकारी




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को धरातल पर उतारने के लिए मेला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में अपर मेला अधिकारी एवं नगर आयुक्त नंदन कुमार (आईएएस) ने रोड़ीबेलवाला क्षेत्र सहित प्रमुख गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता के मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। साथ ही गंगा घाटों की स्वच्छता, कूड़ा निस्तारण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।

निरीक्षण के दौरान नंदन कुमार ने रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि मेला आयोजन की दृष्टि से यह क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है। हरकी पैड़ी सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों और मेला व्यवस्थाओं में इसकी अहम भूमिका है। ऐसे में यहां होने वाले कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में लापरवाही, अनियमितता अथवा घटिया सामग्री के इस्तेमाल को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

तीनों पालियों में होगी घाटों की सफाई
गंगा घाटों की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि सफाई अभियान तीनों पालियों में नियमित रूप से संचालित किया जाए। घाटों पर जमा होने वाले कूड़े का समयबद्ध उठान और निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए। उन्होंने पर्यावरण मित्रों से संवाद कर उनकी कार्य संबंधी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही के बावजूद घाटों पर स्वच्छता बनी रहे।

श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान
नगर आयुक्त ने कहा कि गंगा घाटों की स्वच्छता केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और तीर्थयात्रियों की सहभागिता भी जरूरी है। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखवाने और नियमित रूप से कूड़ा उठाने के निर्देश दिए। साथ ही सार्वजनिक शौचालयों में साफ-सफाई, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं बेहतर बनाए रखने को कहा, ताकि देश-विदेश से हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए और कमियों को तत्काल दूर किया जाए। मेला क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने पर भी जोर दिया।