कांग्रेस नेताओं को अखिलेश यादव ने कहा चिरकुट नेता, गरमाई राजनीति




नवीन चौहान.
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच एक बार फिर से तल्खी बढ़ती दिखायी दे रही है। कांग्रेस और सपा के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है, जिससे इंडिया गठबंधन पर भी सवाल खड़ा हो रहा है। ताजा मामला मध्य प्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर दोनों पार्टियों के बीच मतभेद सामना आया है।

अखिलेश ने किया कांग्रेस पर हमला
दरअसल सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस से खासा नाराज दिख रहे हैं। बृहस्पतिवार को सीतापुर पहुंचे सपा मुखिया ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस अपने चिरकुट नेताओं से सपा के लिए बयानबाजी न करवाए। अखिलेश यहीं नहीं रूके उन्होंने कांग्रेस को धोखेबाज बताते हुए कहा कि अगर उन्हें पता होता इंडिया गठबंधन विधानसभा स्तर पर नहीं है तो वह कांग्रेस से बात ही नहीं करते।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के बयान पर किया पलटवार
शाहजहांपुर जाते समय वह सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव के आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। अखिलेश ने कहा कि अगर वे (कांग्रेस) कहते हैं, कि विधानसभा स्तर पर गठबंधन नहीं है तो हम स्वीकार करते हैं। शायद हमें ही कन्फ्यूजन रहा होगा। यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के मध्य प्रदेश में सपा की कोई हैसियत नहीं है संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश बोले कि उनकी हैसियत क्या है। इंडिया गठबंधन के बारे में वे कितना जानते हैं, क्या बैठकों में थे। इंडिया गठबंधन पर कहा कि अगर यह सिर्फ लोकसभा में है, तो इस पर विचार किया जाएगा। कांग्रेस जैसा व्यवहार सपा के साथ करेगी, उनके साथ वैसा ही किया जाएगा।

रात-रात भर वार्ता, 6 सीट का वादा, दी एक नहीं
अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेताओं से अपील है कि वह छोटे नेताओं से इस तरह की बयानबाजी न कराएं। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की मीटिंग में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने रात-रात भर वार्ता की। मध्यप्रदेश में कहां, किस सीट पर सपा जीती, कहां नंबर दो पर रही यह आंकड़ा लेकर भरोसा दिया कि 6 सीटों पर विचार करेंगे। फिर सपा को एक भी सीट नहीं दी, इसलिए हमने वहां अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *