BIg Crime News: दबिश देने गई पुलिस पर हमला, गोली लगने से सिपाही की मौत




नवीन चौहान.
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के धरनीधरपुर नगरिया में दबिश देने गई पुलिस पर आरोपी ने अपने बेटे के साथ फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक गोली दबिश टीम में शामिल सिपाही को जा लगी। गोली जांघ में लगी थी लेकिन मौके पर ही उसका काफी खून बहने की वजह से मौत हो गई। बाद में पुलिस ने हमलावर बाप बेटे को भी गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक सोमवार की शाम पुलिस हिस्ट्रीशीटर अशोक यादव उर्फ मुनुआ के यहां दबिश देने गई थी। आरोपी अशोक यादव को पुलिस दबिश की सूचना पहले ही मिल गई जिसके बाद वह अपने बेटे और पत्नी के साथ पुलिस से मोर्चा लेने के लिए असलहों के साथ तैयार होकर बैठ गया।

पुलिस के पहुंचने पर बाप बेटे जहां पुलिस पर फायरिंग करने लगे वहीं आरोपी की पत्नी घर के अंदर से ही सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस की लोकेशन उन्हें बताने लगी। पुलिस ने जैसे ही दरवाजे पर दस्तक दी, उसने गाली बरसानी शुरू कर दी। उसी फायरिंग के दौरान लगी गोली ने सिपाही सचिन राठी की जान ले ली।

बताया जा रहा है कि आरोपी अशोक यादव का बेटा अभय यादव उर्फ पिंटू और पूर्व प्रधान पत्नी श्यामा देवी भी उसके साथ ही पुलिस का मुकाबला करने के लिए डट गई। शुरू में उन्होंने हवाई फायरिंग करके डराने की कोशिश की, फिर जैसे ही पुलिस ने उसके घर पर दस्तक दी, पत्नी से सटीक लोकेशन पूछकर गोली चला दी। सचिन ने हिम्मत दिखाते हुए जैसे ही कदम बढ़ाया अशोक ने उसको निशाना बनाकर फायर झोंक दिया। गोली उसकी जांघ में लगी तो वह गिर पड़ा। उसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग शुरू की। इस बीच सचिन की हालत गंभीर हुई तो पुलिस की एक टीम उसे लेकर अस्पताल चली गई। लेकिन इलाज के दौरान सचिन की मौत हो गई। फिलहाल अधिक खून बहने की वजह से उसकी मौत होना बताया जा रहा है।

आरोपी अशोक पुलिस टीम पर फायरिंग करता। इस बीच पुलिस की और टीम मौके पर बुला ली गई। उसके घर के रास्तों को भी जेसीबी मंगाकर बंद कर दिया गया। अंधेरा होने पर जैसे ही उसने भागने की कोशिश की, पुलिस की जवाबी गोली में बाप बेटे दोनों जख्मी हो गये। दोनों के गिरते ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। उन दोनों की मदद कर रही श्यामादेवी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के घर से भारी संख्या में असलाह बरामद हुआ। घटना के बाद तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएम और एसपी ने सिपाही सचिन राठी के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *