DAV सेंटेनरी पब्लिक स्कूल में शैक्षिक प्रदर्शनी में बच्चों ने दिखाया अपना हुनर




नवीन चौहान.
गरमी की छुटटी में गृह कार्य के रूप में मिले होमवर्क को बच्चों ने न केवल अपनी पूरी मेहनत से पूरा किया बल्कि इस होमवर्क के जरिए अपने हुनर का भी प्रदर्शन किया। बच्चों ने अपने विषय के आधार पर एक से बढ़कर एक मॉडल बनाए जिन्हें देखकर अतिथि भी हैरत में पड़ गए। सभी ने बच्चों के इस हुनर की सराहना की। विज्ञान और कंप्यूटर विषय पर आधारित मॉडल काफी रौचक दिखायी दिये।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए अमृत महोत्सव के अंतर्गत भारत के विकास के साथ-साथ जनजातियों के सशक्तिकरण की ओर भी ध्यान दिया गया है। जनजातीय कार्य मंत्रालय तथा सीबीएसई के सहयोग से इसे कार्यकारी रूप दिया जा रहा है। इस कड़ी में सीबीएसई द्वारा निर्देशित प्रदर्शनी का आयोजन डीएवी विद्यालय में किया गया।

मुख्य अतिथि दिनेश चंद्र शास्त्री (कुलपति उत्तरांचल संस्कृत विश्वविद्यालय व एलएमसी सदस्य डीएवी सेंटनरी पब्लिक स्कूल) ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डॉ हिमांशु त्यागी एलएमसी सदस्य, डॉ. एमएम तिवारी, विभाग अध्यक्ष इंजीनियरिंग विभाग, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय सचिन आहलूवालिया डायरेक्टर अचीवर्स होम पब्लिक स्कूल डॉक्टर ए.के. सरकार प्रधानाचार्य ए.एच. पी. एस. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रहे।

28.07.2023 को पेरेंट्स टीचर्स मीटिंग के दिन विद्यार्थियों द्वारा किया गया ग्रीष्मावकाश गृहकार्य तथा सभी विषयों में बनाए गए मॉडलों को अभिभावकों के समक्ष प्रस्तुत करने का विचार नि:संदेह प्रधानाचार्य मनोज कपिल का उत्तम विचार रहा। जिससे अभिभावकों ने अपने बच्चों के शैक्षिक कार्यों के साथ-साथ रचनात्मक और कलात्मक कार्य की भी सराहाना की। विज्ञान, गणित, ए.आई., सी. एस., कला विभाग के साथ-साथ अंग्रेजी, हिंदी व संस्कृत विभाग के द्वारा बनाए गए मॉडल भी चर्चा में रहे।

विद्यार्थियों ने सभी विषयों में लगभग 1000 से अधिक मॉडल प्रदर्शित किए जिनकी अभिभावकों द्वारा भरपूर प्रशंसा की गई। अंग्रेजी विभाग ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से पूरे अंग्रेजी साहित्य को प्रदर्शनी में उतारा। अंग्रेजी व्याकरण को भी सुंदर रूप में प्रस्तुत कर आसान तरीके सिखाए। वर्ल्ड गेम, पजल, फ्लोचार्ट, कॉमिक्स, तथा डिक्शनरी आदि प्रमुख आकर्षण रहे। विद्यालय के नवोदित रचनाकारों की अंग्रेजी रचनाएं भी प्रस्तुत की गई।

हिंदी/ संस्कृत विभाग ने विद्यार्थियों के द्वारा प्रस्तुत प्रसिद्ध साहित्यकारों, कवियों तथा शिक्षाप्रद सूक्तियों से साहित्य दर्शन प्रस्तुत किया। कक्षा 10 के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए कार्यकारी मॉडल से दर्शकों को चारों दिशाओं में स्थित चारों धामों के दर्शन ने सबको आकर्षित किया। सीबीएसई द्वारा 2018 में आरंभ किए गए सतत विकास के लक्ष्य (एस.डी.जी गोल) को भी मॉडल के माध्यम से अभिभावकों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। हिंदी व्याकरण और साहित्य का सुंदर समागम विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चार्ट और मॉडल के द्वारा इस प्रदर्शनी में देखने को मिला। बाल रचयिता कक्षा 9 की विद्यार्थी नंदिनी गर्ग की स्वरचित कविताओं की पुस्तक पढ़कर सभी ने सराहना की।

कला विभाग ने पूरे भारत तथा दर्शन को रंगों के माध्यम से कैनवस पर उकेरा। विद्यार्थियों द्वारा किए गए क्राफ्ट के काम ने सबको आकर्षित किया। प्रदर्शनी में सामाजिक विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए मॉडल ने वर्षा के पानी का संरक्षण, पवन चक्की जैसे मॉडल प्रस्तुत करके लोगों को जागरूक किया तथा कठपुतली नृत्य के द्वारा हमारे देश के इतिहास, जलियांवाला बाग क्रांति, उत्तराखंड की झांकी तथा जनजातियों के विकास पर मॉडल तथा चार्ट प्रस्तुत किए।

विज्ञान विभाग द्वारा थर्ड आई फॉर ब्लाइंड मॉडल प्रस्तुत किया, इसे भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त इंस्पायर अवार्ड से पुरस्कृत किया गया है। विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई वाकिंग स्टिक फॉर ब्लाइंड मॉडल ने सबको अचंभित कर दिया। गणित विभाग के द्वारा 2G से 3G शेप बनाने का फार्मूला, पाइथागोरस थ्योरम, ट्रिग्नोमेट्री पार्क आदि लगभग 100 मॉडल प्रस्तुत किए। कंप्यूटर विभाग ने विद्यार्थियों से एटीएम, रोबोट गूगल मैप आदि के कार्यकारी मॉडल बनवाए।

बच्चों का टेलेंट
डीएवी सेंटेनरी स्कूल में आयोजित प्रदर्शनी में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का हुनर दिखलाया। बच्चों ने अपने मॉडल की जानकारी तमाम आगंतुकों को दी। बच्चों के मॉडल देखकर अभिभावकों ने दांतो तले अंगुली दबा ली। बच्चों ने आगंतुको की जिज्ञासा और उनके सवालों का उत्तर दिया।प्रधानाचार्य मनोज कपिल के निर्देशन में आयोजित प्रदर्शनी की सभी ने सराहना की।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *