नवीन चौहान, हरिद्वार। बिजली विभाग की लापरवाही के चलते एक बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने पर क्षेत्र पंचायत की तहरीर पर बिजली विभाग के जेई अतुल लाइनमैन गुलशेर और फैक्ट्री मालिक प्रदीप कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। दुर्घटना कलियर क्षेत्र में हुई।
मंगलवार की सुबह कर्मचारियों से भरी एक बस सिडकुल से रूड़की की ओर जा रही थी। कलियर के समीप नीलकंठ फैक्ट्री के पास हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई। बस में भयंकर आग लग गई। आग लगने से एक युवती गंभीर रूप से झुलस गई। जबकि कई अन्य लोग भी आग की चपेट में आने से झुलस गये। गंभीर रूप से झुलसी महिला को हायर सेंटर भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। इस मौत से आहत क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमन चौधरी ने इस घटना को प्रथमदृष्टया बिजली विभाग और फैक्ट्री मालिक की लापरवाही माना और पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के लिये तहरीर दी। सुमन चौधरी की तहरीर पर कलियर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने जेई अतुल, लाइनमैन गुलशेर और फैक्ट्री मालिक प्रदीप कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।



