क्या गुल खिलाएगा उत्तराखंड का चुनाव, मतदाता किस पर हुए मेहरबान, पूछ रही जनता सवाल




नवीन चौहान.
उत्तराखंड में चुनाव समाप्त हो जाने के बाद अभी जोड़ तोड़ का गणित लोगों की समझ में नहीं आ रहा है। वोट डालकर आने वाले भी यह नहीं बता पा रहे हैं इस बार कौन जीत रहा है। ये जरूर है कि भाजपा और कांग्रेस अपनी अपनी जीत के दावे कर रही है, इन दावों में कितना दम है ये 10 मार्च को सबके सामने आ जाएगा।

सोमवार को हरिद्वार पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दावा किया कि इस बार भी भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ वापसी कर रही है। उन्होंने कहा कि इसका पता 10 मार्च को मतगणना के बाद सामने आ जाएगा। जिस विश्वास के साथ वह ये दावा कर रहे हैं उसके चलते एक बार फिर लोगों की जुबान पर है कि सरकार भाजपा की ही बनेगी। कुछ लोगों का ये कहना है कि इस बार भाजपा को वोट मोदी सरकार द्वारा किये गए कार्य के लिए दिये गए हैं।

भाजपा पदाधिकारी बूथ वार भी मतदान की समीक्षा कर रहे हैं। मतदान के बाद वह ये मानकर चल रहे हैं कि उनके प्रत्याशी ही जीत कर आ रहे हैं। कुछ सीटों पर जीत हार का अंतर कम रहने की बात कही जा रही है, लेकिन जीत का दावा किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस लगातार दावे कर रही है कि इस बार भाजपा को जनता सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने वाली है।

कांग्रेस का दावा है कि इस बार जनता ने कांग्रेस को सत्ता देने की ठान ली है, मतगणना के बाद यह साबित हो जाएगा। कांग्रेस का दावा है कि सत्ता में रहते हुए भाजपा सरकार ने केवल लोगों को झूठे आश्वासन दिये हैं, प्रदेश में विकास का कोई कार्य नहीं हुआ है, युवाओं को रोजगार नहीं मिले है, महंगाई कम नहीं हुई है। ऐसे एक नहीं अनेक कारण है जिनकी वजह से जनता ने इस बार कांग्रेस को चुनने का मन बना लिया।

कांग्रेस को लेकर भाजपा का कहना है​ कि कांग्रेस ने अपने शासन में केवल भ्रष्टाचार और घोटालों को जन्म दिया है। यह प्रदेश की जनता जानती है, कांग्रेस यदि फिर से सत्ता में आयी तो फिर से प्रदेश की जनता को भ्रष्टाचार और घोटालों का सामना करना पड़ेगा। कहा कि कांग्रेस ने जो वादे जनता से किये हैं वह झूठे आश्वासन के अलावा और कुछ भी नहीं है।

जनता जर्नादन है, अब देखना है कि वह किसके पक्ष में गई है। आने वाली 10 मार्च को इसका फैसला हो जाएगा। ये जरूर है कि अभी तक जो बातें चल रही हैं वह भाजपा के लिए सही हवा वाली नहीं है। इस चुनाव में कई बड़े नेताओं का कैरियर भी दांव पर लगा है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *