चालक ने भीड़ पर फेंका तेजाब, छह लोग झुलसे




नोएडा: कोतवाली फेस-3 की चोटपुर कॉलोनी में तेज रफ्तार वाहन चलाने के विरोध में कहासुनी के बाद तीन लोगों ने भीड़ पर तेजाब से हमला कर दिया। हमले में छह लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तेजाब मिल का मालिक व उसका एक साथी फरार है। घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

चोटपुर कॉलोनी में गाजियाबाद निवासी लक्की पिछले करीब 3 साल से तेजाब बनाने की फैक्ट्री चला रहा है। गुरुवार रात करीब दस बजे चोटपुर में पान का खोखा लगाने वाले राजन और उनकी मां सरोजमति घर जा रहे थे।रास्ते में एक तेज रफ्तार कैंटर से उनकी टक्कर होते बची। कैंटर भाग कर तेजाब फैक्ट्री तक पहुंच गया। नाराज राजन और उनकी मां कैंटर के पास पहुंचे तो दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। मौके पर पहुंची भीड़ ने भी तेजी से वाहन चलाने का विरोध किया। इस पर गुस्साए कैंटर चालक संगीत और कर्मचारी अंकित ने भीड़ पर बाल्टी में भरकर तेजाब फेंक दिया।

चोटपुर कॉलोनी के लोगों का कहना है कि बहलोलपुर चौकी इंचार्ज ज्ञानेन्द्र यादव के संरक्षण में अवैध रूप से कई फैक्ट्रियां चल रही हैं। लोगों ने चौकी इंचार्ज को घटना की पूरी जानकारी दी थी, लेकिन उन्होंने आरोपियों को पकड़कर छोड दिया।मामला तूल पकड़ने पर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन तेजाब फैक्ट्री का मालिक और उसका साथी फरार है। सिटी मजिस्ट्रेट रामानुज सिह ने कहा कि आरोपियों ने तेजाब रखने का लाइसेंस लिया है या नहीं इसकी जांच कराई जाएगी।

तेजाब हमले के घायलों को डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में इलाज नहीं मिला। दीपू, राजन और सरोज को 108 एंबुलेंस से डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें सुबह आने को कहा। घायलों को चोटपुर के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से देवेश और दीपू को दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया गया। इस मामले में तेजाब हमले का शिकार हुए लोगों के इलाज में सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देशों का जमकर उल्लंघन हो रहा है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *