सहारनपुर: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि देश की जनता के धन पर काला नाग बैठा है। नोटबंदी की वजह से अपने ही मुल्क में लोग चोरों की तरह रहने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से नोटबंदी सबसे बड़ा करप्शन है। पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने कुछ दोस्तों को फायदा पहुंचाने के लिए नोटबंदी का फैसला लिया है। देश की जनता से उन्हें कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने जरुर कोई पाप किया होगा, जो यह दिन देखने पड़ रहे हैं।
दरअसल रविवार (25 दिसंबर) को सहारनपुर के गांधी कॉलोनी स्थित कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि वालिया के निवास स्थान पर मीडिया से रूबरू हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। इस दौरान वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद, जिलाध्यक्ष शशि वालिया, संजय वालिया, मुकेश चौधरी, नरेश चौधरी, साद अली खान आदि मौजूद रहे।
राज बब्बर ने कहा कि नोटबंदी से पूरा मुल्क परेशान है। मजदूर, किसान, कर्मचारी और व्यापारी सभी लोग अपने ही मुल्क में चोर बना दिए गए। नोटबंदी के बाद से गरीब लोग बैंकों की लाइन में लगे हैं। जबकि बैंक कर्मचारियों ने करप्शन करते हुए काला धन वाले लोगों के पैसे को कमीशन लेकर सफेद कर दिया। बैंक कर्मचारी खुलकर करप्शन कर रहे हैं। राज बब्बर ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने करप्शन की दुकान खोल दी है। देश में 98 प्रतिशत लोग कैश से ही काम चलाते हैं। दो प्रतिशत लोग ही कार्ड स्वैप करते हैं। इन दो प्रतिशत लोगों की योजना को 98 प्रतिशत लोगों पर थोपना देश की जनता का उत्पीड़न करना है।
महात्मा गांधी ने पुण्य किया तो देश को आजादी मिली। अब फिर एक बार पीएम मोदी ने देश को गुलामी की ओर धकेल दिया है। जनता अच्छी तरह मोदी सरकार की हकीकत जान चुकी है। जिस जनता ने ऊंगली से ईवीएम मशीन का बटन दबाकर नरेंद्र मोदी को पीएम बनाया है। वही जनता अब ऊंगली का इस्तेमाल कर पीएम को सबक सिखाएगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सांप्रदायिकता को आधार बनाकर केंद्र में सरकार बनाने वाली बीजेपी ने हिंदुओं के लिए ही कुछ नहीं किया। बीजेपी हमेशा धर्म के नाम पर लोगों को लड़वाकर सत्ता हथियाना चाहती है। कांग्रेस सरकार के दौरान दाल 60 रुपए किलो थी। वही दाल अब 200 रुपए किलो बिक रही है। हिंदुओं के हित का दावा करने वाली बीजेपी कम से कम हिंदुओं के लिए दाल का रेट कम कर देती। राज बब्बर ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी फेंकू हैं। उन्हें बस माइक चाहिए और वह गरजना शुरू कर देते हैं। मगर जो गरजते हैं वह बरसते नहीं है।