DAV: सोंधी सुगंध मीठी सी आशा, गर्व से कहो हिंदी हैं हमारी मातृ भाषा




नवीन चौहान.
डीएवी जगजीतपुर हरिद्वार में हिंदी दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गए। बच्चों ने कार्यक्रम के माध्यम से हिंदी को बढ़ावा देने का संदेश दिया। हिंदी दिवस को बच्चों ने उत्सव के रूप में मनाया।

आज के युग में अनेक भाषाओं का चलन है परंतु हिंदी भाषा भारत देश की मातृभाषा है। प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। 14 सितंबर सन् 1949 को भारत की संविधान सभा ने देवनागरी लिपि में लिखी गई हिंदी भाषा को भारत गणराज्य की आधिकारिक भाषा घोषित किया।

इस निर्णय को प्रतिपादित करने तथा हिंदी को प्रत्येक क्षेत्र में प्रसारित करने के लिए वर्ष 1953 से पूरे भारत में 14 सितंबर को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाने लगा। दिनांक 14 सितंबर 2023 को डीएवी विद्यालय में हिंदी दिवस एक स्मरणीय उत्सव के रूप में मनाया गया।

कार्यक्रम में कक्षा यूकेजी, कक्षा एक व द्वितीय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल व पर्यवेक्षिका कुसुम बाला त्यागी द्वारा द्वीप प्रज्वलन व गायत्री मंत्र के साथ हुआ।

सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों द्वारा हिंदी वर्णमाला के वर्णों की सुंदर प्रस्तुति दी गई। हिंदी भाषा के प्रमुख स्तंभों जैसे साहित्य, काव्य, मुहावरे, चौपाई व दोहे आदि का प्रस्तुतीकरण सुंदर व आकर्षक ढंग से किया गया।

गीत के माध्यम से वेदों, उपनिषदों व धार्मिक ग्रंथो का प्रचार व प्रसार किया गया। उसके पश्चात नन्हें कलाकारों द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों की भागीदारी सराहनीय व प्रशंसनीय रही। हिंदी भाषा की महत्ता को बताते हुए प्रधानाचार्य ने नन्हे मुन्ने बच्चों के उत्साहवर्धन हेतु आशीष वचन कहे। कार्यक्रम में हिंदी विभाग के सभी अध्यापक व अध्यापिकाएंँ उपस्थित रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *