गृहमंत्री ने कहा- जल्द निकलेगा कश्मीर समस्या का हल




मेरठ: गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार कश्मीर समस्या का हल जल्द निकालेगी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की नापाक हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार से मोदी सरकार ने कोई समझौता नहीं किया है। गृहमंत्री मेरठ के सुभारती विश्वविद्यालय में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत को जल्द ही विदेशों में जमा भारतीयों के कालेधन का पूरा विवरण हासिल हो सकता है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय बैठक में काले धन का मुद्दा उठाया। जिसके बाद भारत इन खातों की जानकारी हासिल कर सकता है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपतियों और प्रधानमंत्रियों की मौजूदगी में कहा कि हम भ्रष्टाचार और आतंकवाद की लड़ाई लड़ रहे हैं। ऐसे में यदि विदेश में भारतीयों के खोले गए बैंक अकाउंट्स का ब्यौरा नहीं देंगे तो भ्रष्टाचारियों की पकड़ कैसे संभव है। नतीजा यह रहा कि अब भारत सरकार विदेश में भारतीयों द्वारा जमा कालेधन की डिटेल ले सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कालेधन को भारत सरकार जब्त करेगी। उन्होंने सरकार के तीन साल में बीस बड़ी उपलब्धियां गिनाईं। इसमें नोटबंदी से भ्रष्टाचार पर लगाम से लेकर सर्जिकल स्ट्राइक से पाकिस्तान को जवाब देने तक की उपलब्धियां शामिल हैं। राजनाथ सिंह ने दोहराया कि कश्मीर मुद्दे का हल जल्द निकल आएगा, इसके लिए प्रयास जारी हैं।

गृहमंत्री ने कहा कि महंगाई न बढ़े इसके लिए केंद्र सरकार ने 500 करोड़ रुपये बचाकर रखे हैं। उन्होंने बताया कि यूपीए सरकार में देश 100 खाद्यान्न विदेशों से आयात करता था, जो अब 86 प्रतिशत होता है। उन्होंने कहा कि 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी हो जाएगी।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *