केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पढ़ाया और सुनते रहे मंत्री




नवीन चौहान
अपनी अलग कार्यशैली के चलते भाजपा में सबसे अलग पहचान रखने वाले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तराखंड के तमाम मंत्रियों को ईमानदारी और पारदर्शिता से काम करने का तरीका पढ़ाया। केंद्रीय मंत्री ने जनप्रतिनिधि के अंदर की काम करने की इच्छा शक्ति को जाग्रत भी किया और भ्रष्टाचार से दूर रहने की नसीहत भी इशारों-इशारों में दे दी। उन्होंने उदाहरण भी खुद अपना ही पेश किया और बताया कि नौकरशाह और अधिकारियों से किस तरह से काम लेना चाहिए। उन्होंने यहां तक कह दिया कि 10 लाख करोड़ के उनके काम कराने के दौरान एक भी भ्रष्टाचार का कोई दाग उनको छू तक नही पाया।
चंडीघाट पर आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तराखंड के जनप्रतिनिधियों को काम करने का अनूठा तरीका सिखाया। उन्होंने बताया कि अधिकारी तो टालते हैं। लेकिन पॉलिसी तो हमको खुद बनानी पड़ेगी। जनता ने तो उन्हें चुनकर भेजा है। उनका काम है पॉलिसी पर काम कराना। उन्होंने कहा कि अपने मंत्रालय में इतने काम किए है कि खुद मुझे भी याद नही है। समय से काम को पूरा कराना। पूरी पारदर्शिता से काम कराना। सकारात्मक सोच के साथ भ्रष्टाचार मुक्त तरीके से काम कराना एक जनप्रतिनिधि का लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने बताया कि साढ़े चार सालों में 10 लाख करोड़ के काम पूरी पारदर्शिता से कराए है। किसी ठेकेदार से कोई भ्रष्टाचार नही किया। अगर काम गड़बड़ हुआ तो ठेकेदार की खैर नही हैं। ठेकेदारों को कार्य को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की इस बात पर नेता और अधिकारी बगले छांकते नजर आए। हालांकि इस दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की बातों को पूरी संजीदगी के साथ सुना।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *