जीवन में सकारात्मक प्रयास करते हुए विश्वविद्यालय का नाम रोशन करें: डॉ राम बदन सिंह




मेरठ। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि पद्मश्री डा. राम बदन सिंह पूर्व कुलाधिपति केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय इम्फाल एवं पूर्व अध्यक्ष नेशनल एकेडमी आफ एग्रीकल्चरल साइंसिंस नई दिल्ली रहे।

मुख्य अतिथि ने दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त समस्त छात्र-छात्राओं को भविष्य की शुभकामनाएं देते हुये कहा कि वह जीवन में सकारात्मक प्रयास करते हुये विश्वविद्यालय का नाम रोशन करें। इस अवसर पर उन्होंने कृषि की महत्ता एवं कृषि क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी, निवेश, नीतियों, सतत विकास लक्ष्यो को हासिल करने के संबंध में विस्तृत रूप से बताया।

कुलपति डॉक्टर के0के0 सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय अपने दायित्वों के प्रति सजग है। उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप विश्वविद्यालय अपना यथावत योगदान दे रहा है। विश्वविद्यालय का शैक्षिक स्तर आशानुरूप है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा आयोजित परास्नातक में प्रवेश हेतु अखिल भारतीय प्रवेश परीक्षा में विगत वर्षाे की भाँति इस वर्ष भी विश्वविद्यालय के छात्रों ने सफलता अर्जित कर उच्च शिक्षा हेतु देश के प्रमुख संस्थानों जैसे राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान, करनाल, भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, बरेली, बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी, गोविंद वल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पन्तनगर, आचार्य एन जी रंगा कृषि विश्वविद्यालय, आंध्र प्रदेश आदि में प्रवेश पाया है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *