गिरफ्तार बदमाशों की आपराधिक कुण्डली में दर्ज संगीन मुकदमें , जानिए पूरी खबर




नवीन चौहान,

हरिद्वार। एटीएम के सिक्योरिटी गार्ड को गोली मारकर 25 लाख की लूट करने वाले बदमाशों को रूड़की पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की गोली से मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश जख्मी हो गया। पुलिस ने बदमाशों से करीब पांच लाख सात हजार की रकम व घटना में प्रयुक्त पिस्टल, बाईक, एक तमंचा, तीन खोखे और एक जिंदा कारतूस, दो मोबाईल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार बदमाशों की आपराधिक कुण्डली में कई संगीन मुकद्में दर्ज हैं। बदमाशों को गिरफ्तार करने के बाद रूड़की पुलिस ने राहत की सांस ली है।
विगत सात अप्रैल को बीएसएम चौक के पास अज्ञात बदमाशों ने एक्सिस बैंक के एटीएम के सुरक्षा गार्ड को गोली मारकर घायल कर दिया था। और बदमाश करीब 25 लाख की नगदी लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने सुरक्षा कम्पनी के कस्टोडियन वीरेन्द्र सिंह रावत की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कर लिया था। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एसपी देहात मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में टीम गठित की। पुलिस टीम बदमाशों की सुरागरसी में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और कैमरे खंगाले। और सर्विलांस की मदद से मोबाइल नम्बर की पड़ताल शुरू की गई।

पुलिस को बदमाशों के फोटो सीसीटीवी फुटेज में मिल गए। जिसके बाद पुलिस बदमाशों को पकड़ने के लिए प्रयास करने लगी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्कूटी चिन्हित की। उक्त स्कूटी राजेन्द्र वर्मा ऊर्फ मिंटू पुत्र बूलचन्द्र निवासी मौहल्ला शिव विहार, कस्बा थाना झबरेडा के रूप में हुई। पुलिस ने राजेन्द्र को हिरासत में ले लिया और सख्ती से पूछताछ की। राजेन्द्र ने बताया कि उसका दोस्त अमित तलवार पुत्र विनोद निवासी रायपुर थाना भगवानपुर है। जिसने कुछ समय पूर्व लुधियाना पंजाब के शातिर अपराधी सुखविंदर सिंह उर्फ मौनी पुत्र गुरुदेव सिंह निवासी लेबर कालोनी धूस मौहल्ला भारत नगर चौक, लुधियाना पंजाब से पहचान कराई थी।

जिसके बाद अमित, सुखविंदर और उसने मिलकर लूट की योजना बनाई। सुखविंदर ने लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए अपने एक साथी बिल्ला निवासी लुधियाना को भी बुला लिया। इन्हें राजेन्द्र उर्फ मिंटू द्वारा लूट करने के लिए बाइक उपलब्ध कराई गई। राजेन्द्र ने बताया कि 20 अप्रैल को सुखविंदर एक बार फिर रूड़की आ रहा है। इस जानकारी के मिलते ही एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने पुलिस टीम को सुखविंदर की गिरफ्तारी के लिए अलर्ट कर दिया। तमाम स्थानों पर पुलिस ने घेराबंदी कर दी। पुलिस ने पनियाला लाठरदेवा शेख तिराहे पर सुखविंदर की पहचान कर ली। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो सुखविंदर ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी फायर में पुलिस की एक गोली सुखविंदर की टांग में जा लगी। घायल सुखविंदर को पुलिस ने उठाकर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि सुखविंदर और उसके साथियों की निशानदेही पर नगदी व लूट में प्रयुक्त सामान बरामद किया है। पुलिस ने राजेन्द्र, अमित और सुखविंदर को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि सुखविंदर के साथी की तलाश की जा रही है।
बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
इंस्पेक्टर गंगनहर कमल कुमार लुंठी, इंस्पेक्टर मंगलौर गिरिश चन्द्र शर्मा, उप निरीक्षक प्रमोद कुमार, उप निरीक्षक नवीन पुरोहित, पवन डिमरी, कुलदीप सिंह, प्रदीप तोमर, आनन्द पाल सिंह, एससीपी बाबू खां, देवेन्द भारती, कां. आशुतोष तिवारी, कपिल देव, सहनसपाल, संतोष काम्बोज, धीरज कुमार, बृजपाल सिंह, नरेन्द्र राठी, सुरेश रमेला, रविन्द्र खत्री, नितिन, जाकिर हुसैन और राजेन्द्र देवरानी शामिल थे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *