खाकी में इंसान आईपीएस अशोक कुमार के डीजीपी नियुक्त होने से उत्तराखंड में खुशी, पढ़े कैसे पाया मुकाम




नवीन चौहान
खाकी में इंसान आईपीएस अशोक कुमार को उत्तराखंड पुलिस का नया मुखिया बनाया गया है। अशोक कुमार राज्य के 11वें डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) होंगे। अशोक कुमार वर्ष 1989 के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी हैं। अपने लगभग तीन दशक के सेवाकाल में अविभाजित उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड पुलिस, आईटीबीपी और बीएसएफ के महत्वपूर्ण पदों पर तैनात रहे हैं। ‌बीते वर्षों में उन्होंने कई विषयों पर पुस्तकें भी लिखीं, जिनमें उनकी खाकी में इंसान बेहद प्रसिद्ध रही है। चैलेंजेस टू इंटरनल सिक्यूरिटी भी पसंद की गई। वे हरिद्वार में सन 1995 में अर्द्धकुंभ करवा चुके है और फिर 2010 महाकुंभ में इन्होंने अपनी पूरी सेवा दी। इनका अनुभव कुंभ—2021 में काम आएगा।
एक छोटे से गांव में हुआ था जन्म
अशोक कुमार का जन्म और पालन-पोषण हरियाणा के जिला पानीपत के एक छोटे से गांव कुराना में हुआ था। उन्होंने अपनी प्राथमिक शिक्षा गांव के सरकारी स्कूल से प्राप्त की और आईआईटी दिल्ली से बीटेक (1986) और एकटेक (1988) किया।
यहां से शुरू करा करियर
अशोक कुमार वर्ष 1989 में भारतीय पुलिस सेवा में शामिल हुए। उनकी सबसे पहली पोस्टिंग इलाहाबाद में हुई थी। इसके बाद अलीगढ़, चमोली, मथुरा, शाहजहांपुर, मैनपुरी, रामपुर, नैनीताल और हरिद्वार जैसे स्थानों में यूपी और उत्तराखंड राज्य में अपनी सेवाएं देते हुए कई चुनौतीपूर्ण कार्य किए। उत्तराखण्ड बनने से पूर्व वे चार जनपदों में सेवा दे चुके हैं, जो अब 5 जनपदों में तबदील हो चुके हैं। उन्होंने कुमाऊं के तराई क्षेत्र से आतंकवाद के खत्म करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 22 जनवरी 1994 को ऊधमसिंहनगर में हीरा सिंह गैंग के साथ हुए एक बड़े एनकाउंटर को उन्होंने खुद लीड किया था। इस एनकाउंटर में 3000 राउण्ड फायरिंग हुई थी।
हरिद्वार में कराया था अर्द्धकुंभ
वर्ष 1994 में पुलिस अधीक्षक चमोली के पद नियुक्त रहे। इस दौरान जनता के साथ परस्पर संवाद एवं सहयोग से वहां उत्तराखण्ड आंदोलन काफी शांतिपूर्ण रहा। वर्ष 1995-96 में वे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार तथा वर्ष 1999 में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नैनीताल के पद पर सेवारत रहे। हरिद्वार में सन 1995 में अर्द्धकुंभ कराया था और उस हरिद्वार में बदमाशों को गठजोड़ चल रहा था जो उन्होंने तोड़ा। कई बदमाश एनकाउंटर में मारे गए।
आपदा में किया योगदान
वर्ष 2013 में केदारनाथ में आयी आपदा के समय वे बीएसएफ में आईजी प्रशासन के पद पर नियुक्त थे, इस दौरान उन्होंने कालीमठ घाटी में राहत एवं पुनर्वास कार्य कराए थे। 14 गांव गोद लिए थे और कालीमठ मन्दिर को भी बहने से बचाया था।
इन सम्मानों से हुए सम्मानित
वर्ष 2001 में दक्षिण पूर्व यूरोप के कोसोवो में उत्कृष्ट कार्य के लिए यूएन मिशन पदक मिला था। वर्ष 2006 में दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति द्वारा पुलिस पदक से सम्मानित किया गया।
अशोक कुमार “खाकी में इंसान” विषय पर जोर देते हैं। उनका मानना है कि अच्छी पुलिस व्यवस्था से सचमुच गरीब व असहाय लोगों की जिन्दगी में फर्क लाया जा सकता है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *