आज की रात कयामत की रात, नये सवेरे का इंतजार




नवीन चौहान.
विधानसभा चुनाव की मतगणना होने में चंद घंटे ही रह गए है। आज की रात प्रत्याशियों के लिए कयामत की रात है। आज की रात बेचैनी में गुजरने वाली है। कोई प्रत्याशी जीत के लिए मन्नत मांगता दिख रहा है तो कोई अभी भी आकंड़े बाजी में जुटा है।

आने वाला सवेरा तय करेगा किसकी किस्मत का सूरज उगा और किसकी किस्मत दगा दे गई। किस प्रत्याशी की मेहनत सफल हुई और किसका सितारा डूब गया। उत्तराखंड में इस बार के चुनाव कई मायनों में नया इतिहास भी रचेंगे। कांग्रेस को जहां अपनी खोई हुई विरासत दोबारा पाने की आस है वहीं भाजपा लगातार दूसरी बार सत्ता की कुर्सी पर काबिज होने का दावा कर रही है।

इस बार के चुनाव में प्रदेश के कई दिग्गजों की साख भी दांव पर है। इनमें जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व सीएम हरीश रावत, यशपाल आर्य, प्रीतम पंवार जैसे नाम शामिल हैं तो भाजपा के वर्तमान सीएम पुष्कर सिंह धामी, मदन कौशिक और सुबोध उनियाल जैसे नाम भी शामिल हैं। मदन कौशिक और पुष्कर सिंह धामी के सामने अपनी साख बचाने के लिए दोहरी चुनौती है।

इस बार भाजपा ने चुनाव में सीएम का चेहरा पुष्कर सिंह धामी को बनाया। जिस कारण उनका न केवल अपना चुनाव जितना जरूरी है बल्कि वह पार्टी को प्रदेश में सत्ता की जीत दिलाने में कामयाब हो यह भी जरूरी है। इसी तरह मदन कौशिक हरिद्वार सीट से चुनाव लड़े हैं, यहां से वह वर्तमान विधायक है और प्रदेश अध्यक्ष भी है। उनकी भी दोहरी परीक्षा है। यदि वह पार्टी को पुन: सत्ता में लाने में कामयाब होते हैं तो उनका कद पार्टी में बढ़ जाएगा लेकिन ऐसा न होने पर उनकी साख पर प्रभाव पड़ेगा।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *