DAV में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया हरेला लोकपर्व, लोक गायिका बंसती बिष्ट ने किया शुभारंभ




नवीन चौहान.
डी.ए.वी पब्लिक स्कूल डिफेंस कालोनी देहरादून में उत्तराखंड के लोकप्रिय पर्व हरेला का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लोक गायिका पद्मश्री बसंती बिष्ट, विशेष अतिथि अनुराधा त्रिवेदी तथा प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया के द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

मुख्य अतिथि बसंती बिष्ट उत्तराखंड की प्रथम महिला जागर गायिका हैं। इन्हें भारत सरकार ने 26 जनवरी 2017 को पद्मश्री से विभूषित किया। इन्हें मातोश्री अहिल्या सम्मान व तीलू रौतेली नारी शक्ति सम्मान से भी सम्मानित किया गया है। प्रधानाचार्या जी ने पुष्पगुच्छ तथा अंगवस्त्र भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

इस अवसर पर छात्रों ने उत्तराखंड की संस्कृति को दर्शाते हुए मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों की अंतर्सदनीय प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी लोक भाषा में व्यंजनों की गुणवत्ता के विषय में बताया और व्यंजनों की प्रस्तुति उत्तराखंड की लोक संस्कृति के आधार पर की। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान भागीरथी सदन ने, द्वितीय स्थान सरस्वती सदन ने तथा तृतीय स्थान मंदाकिनी और अलकनंदा सदन ने प्राप्त किया।

मुख्य अतिथि बसंती बिष्ट ने विद्यार्थियों द्वारा दी गई प्रस्तुतियों की एवं उनके द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों की मुक्त ह्वदय से प्रशंसा की। साथ ही विद्यालय की प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया द्वारा विद्यालय के विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति से जोड़े रखने के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।उन्होंने उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला की संस्कृति के विषय में बताया तथा कृष्ण कथा पर आधारित जागर गाकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया ने हरेला का महत्व बताया और उपस्थित सभी लोगों से अनुरोध किया कि हम सभी को पर्यावरण की सुरक्षा और उसके संरक्षण के लिए अपना योगदान देना चाहिए उन्होंने मोटे अनाजों के पौष्टिक गुणों को बताते हुए विद्यार्थियों से अनुरोध किया कि हमें पिज़्ज़ा, बर्गर के स्थान पर मोटे अनाजों का सेवन करना चाहिए।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *