हरिद्वार। आईटीबीपीके जवान के असहले से चली गोली से मरने वाले युवक की शिनाख्त हरियाणा के कांवड़िये विकास के रुप में हुई है। विकास इंजीनियरिंग का छात्र था और दोस्तों के साथ कांवड़ लेने हरिद्वार आया था। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
शनिवार को सर्वानंद घाट पर नशे में धुत्त पड़े एक कांवड़िये को आईटीबीपी के एक जवान ने हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान कांवड़िया आईटीबीपी के जवान से उलझ गया। दोनों के बीच झीना झपटी हुई। इसी बीच आईटीबीपी के जवान के असहले से अचानक चली गोली युवक के पांव में जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर पुलिस के जवान भारी संख्या में मौके पर आ गये। पुलिस ने घायल युवक को जिला चिकित्सालय भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को हायर सेंटर रैफर कर दिया। जहां रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को हरिद्वार मोर्चरी में रखवा दिया और शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिये। पुलिस की शिनाख्त करने पर मृतक की पहचान हरियाणा के युवक विकास के रुप में हुई। विकास इंजीनियरिंग का छात्र था और दोस्तों के साथ कांवड़ लेने आया था। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने बताया कि विकास ने भांग का सेवन किया था। नशे की हालत में ही विकास और उसके दोस्तों ने शराब भी पी। नशे में सभी एक दूसरे से अलग हो गये। होश आने के बाद सभी दोस्त विकास की तलाश कर रहे थे। मृतक विकास के परिजनों को सूचना दे दी गई है।