पटना: नीतीश कुमार ने महागठबंधन से इस्तीफे के बाद गुरुवार को फिर से बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। नीतीश छठी बार बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं।
उल्लेखनीय है कि बुधवार की शाम नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके साथ ही 20 महीने पुरानी महागठबंधन की सरकार गिर गई थी। इसके बाद भाजपा ने नीतीश कुमार में आस्था प्रकट करते हुए उनके नेतृत्व में बनने वाली सरकार को समर्थन देने की घोषणा की। नीतीश ने राजभवन को 131 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा है।
बिहार के राजभवन स्थित राजेंद्र मंडप में आयोजित एक सादे समारोह में 10 बजे राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी ने नीतीश कुमार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस समारोह में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई नेता शामिल हुए।