नये पुल पर लगे गंदगी के अम्बार




सोनी चौहान
ज्वालापुर रेलवे के लाल पुल के निकट बने नये पुल के समीप भारी तादाद में कूड़ा-करकट फेंका जा रहा है। यह कूड़ा सीधे गंगा में समाहित हो रहा है। आस-पास गंगा किनारे रिहायशी क्षेत्र होने के चलते घरों का कूड़ा सीधे गंगा में फेंका जा रहा है। पैदल पुल के निकट कूड़े के अम्बार लगे हुए है। कांवड़ पटरी पर गंगा किनारे पर भारी संख्या में कूड़ा फेंकने से क्षेत्र के लोगों में भी रोष पनप रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है जागरूकता के अभाव में कुछ लोग घरां का कूड़ा सीधे गंगा में ही फेंक देते हैं जिससे गंगा में प्रदूषण भी फैल रहा है। बीइंग भागीरथ के संयोजक शिखर पालीवाल का कहना है कि इस जगह को चिन्हित कर सफाई अभियान चलाया जायेगा। गंगा किनारे निवास कर रहे लोगों को गंगा के प्रति जागरूक करने का काम भी किया जायेगा। उन्होंने कहा कि गंगा किनारे रह रहे लोग गंगा में कूड़ा फेेंक देते हैं जिन कारणों से पूरी पटरी मार्ग पर गंदगी के अम्बार लगे हुए हैं। यही हाल जटवाड़ा पटरी मार्ग का भी है। वहां भी बड़ी तादाद में कूड़ा फेंका जा रहा है जो कि सीधे गंगा में समाहित हो रहा है। नगर निगम के अधिकारियों को भी इस संबंध में अवगत कराया जायेगा। गंगा के संरक्षण व संवर्द्धन को लेकर बीइंग भागीरथ की ऊर्जावान टीम लगातार गंगा तटों पर सफाई अभियान को चला रही है। कांग्रेस नेता रवि बहादुर का कहना है कि गंगा किनारों पर सफाई अभियान चलाने की आवश्यकता है। नगर निगम के अधिकारियों को उपनगरी ज्वालापुर के पटरी मार्ग की सुध लेनी चाहिए। जो लोग गंगा में सीधे रूप से कूड़ा-करकट फेंक रहे हैं उन पर कार्रवाई भी सुनिश्चित करना चाहिए। गंगा सफाई अभियान पर लाखों-करोड़ों खर्च करने के बावजूद भी गंगा में बेरोक-टोक कूड़ा-करकट व गंदे नाले समाहित किये जा रहे हैं। राज्य एवं केन्द्र सरकार गंगा स्वच्छता का नारा तो देती है लेकिन धरातल पर कार्य नहीं हो पाते हैं। जिन कारणों से गंगा किनारों पर गंदगी को बढ़ावा मिल रहा है। स्थानीय निवास शाहनवाज का कहना है कि गंगा किनारे कुछ दुकानदार भी अपनी दुकानों की गंदगी को गंगा किनारे ही फेंक देते हैं जिन कारणों को गंदगी को बढ़ावा मिल रहा है। स्वच्छता का ध्यान सभी को रखना चाहिए। सभी धर्म समुदाय के लोगों को गंगा सफाई अभियान में हिस्सा लेना चाहिए। जटवाड़ा पुल गंगा घाट पर बड़े पैमाने पर धोबियों द्वारा घाट पर ही कपड़े धोये जा रहे हैं। यह भी पूर्ण रूप से बंद होना चाहिए। बीइंग भागीरथ की टीम को इस ओर भी ध्यान देने की आवश्यकता है। गंगा किनारे पर फैल रही गंदगी के कारण सुबह के समय घुमने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। हवा के साथ दुर्गंध आस-पास के क्षेत्रों में फैल रही है। लोगों को स्वयं ही सुधार करने की आवश्यकता है। शहर को स्वच्छ सुन्दर बनाये रखने की सभी की सहभागिता होना चाहिए। नये पुल के पास गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों को संज्ञान लेना चाहिए। वर्षाकाल के दृष्टिगत संक्रामक रोग फैलने की संभावनाएं भी बनी रहती है। कांवड़ पटरी मार्ग पर बड़ी संख्या में लोग सुबह टहलने के लिए पहुॅचते है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *