परिजनों की डांट से नाराज होकर छोड़ा घर, दिहाड़ी मजदूरों ने किया सामूहिक दुष्कर्म




नवीन चौहान.
परिजनों की डांट से नाराज होकर घर छोड़कर गई नाबालिग किशोरी के साथ दिहाड़ी मजदूरों ने मेरठ ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। यह बात तब सामने आयी जब किशोरी की बरामदगी हो गई और उसने यह जानकरी पुलिस को दी।

पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी सहारनपुर जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक छात्रा करीब एक महीने पहले परिजनों की डांट से नाराज होकर घर छोड़कर चली गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन पता नहीं चला था। करीब बीस दिन बाद एक रिश्तेदार को वह रोडवेज बस स्टैंड पर मिली। घर पहुंच कर किशोरी ने जब परिजनों को आपबीती सुनाई तो उनके पैरों के नीचे की जमीन खिसक गई। उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने किशोरी से पूछताछ कर उन आरोपियों की तलाश शुरू कर दी जिन्होंने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी उस बस में किशोरी को मिले थे जिसमें बैठकर वह सहारनपुर से मेरठ जा रही थी। आरोपी उसे मेरठ ले गए। जहां आरोपियों ने उसके साथ कई दिनों तक दुष्कर्म किया। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर एसएसआई नितेश कुमार की अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।

आरोपियों ने बताया कि वह दिहाड़ी पर गन्ना छीलने का काम करते हैं। जिस दिन किशोरी उन्हें बस में मिली वह मेरठ काम के लिए जा रहे थे। छात्रा को अकेली पाकर उसे बहला फुसलाकर साथ ले गए। तीनों के अलावा उनके ठेकेदार ने भी दुष्कर्म किया।

पुलिस ने इस मामले में आरोपी अब्दुल, मोहम्मद इसरार, ठेकेदार अहसान व नदीम निवासी नथमलपुर चिलकाना सहारनपुर यूपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप, अपहरण, पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *